
- पार्टी के महासचिव डी. राजा और राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय भी सूची में शामिल
- पार्टी के नेताओं का मानना है कि फायर ब्रांड नेताओं से चुनाव में काफी मदद मिलेगी
भाजपा ने रविवार को अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। इसमें गिरिराज सिंह और योगी आदित्यनाथ जैसे फायर ब्रांड नेता शामिल हैं। भाजपा की सूची जारी होते ही भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने भी फायर ब्रांड वक्ता कन्हैया कुमार को स्टार प्रचारक बनाने की घोषणा कर दी।
पार्टी ने 30 फायर ब्रांड नेताओं की सूची रविवार को जारी की है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि फायर ब्रांड नेताओं से पार्टी को चुनाव में काफी मदद मिलेगी। भाकपा की स्टार प्रचारकों की सूची में महासचिव डी. राजा, पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार, और पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय को शामिल किया गया है।
स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान, अमरजीत कौर, रमेन्द्र कुमार, अखिल भारतीय महिला फेडरेशन के महासचिव ऐनी राजा, पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, पूर्व विधान पार्षद उषा सहनी, राज्य सचिव मंडल सदस्य एम. जब्बार आलम, राजेन्द्र प्रसाद सिंह, रामबाबू कुमार और ओम प्रकाश नारायण के नाम भी शामिल हैं।
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के नेता कन्हैया कुमार चुनावी प्रचार में उतर गए हैं। कन्हैया ने बेगूसराय से ही इसकी शुरुआत की है। इस बीच कन्हैया कुमार एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमे कन्हैया कुमार कह रहे हैं कि ज्यादा देशद्रोही बोलोगे, तो हम भी बीजेपी जॉइन कर लेंगे।
वीडियो में कन्हैया कह रहे है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया बहुत खराब आदमी थे, जब तक वह कांग्रेस में थे। गंगा में डुबकी लगा लिए, जब से वह भाजपाई हो गए हैं। हम एक जगह बोले थे कि ज्यादा बीजेपी वाला हमको देशद्रोही-देशद्रोही बोलेगा…तो हम बोलेंगे खबरदार…अगर ज्यादा बोलोगे तो हम बीजेपी जॉइन कर लेंगे। कन्हैया ने कहा कि तुरंत जिसको ये लोग गाली देते हैं, 5 मिनट बाद ही उसको मौसा कहना शुरू कर देते हैं। कन्हैया कुमार यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।